नेपाल के मधेसियों के हक़ के लिए लड़ेगी आरजेडी : रघुवंश
Advertisment

पटना (28 नवंबर) : बिहार चुनाव में सबसे अधिक सीटें जीतने वाली पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने कहा है कि मधेसियों के मामले में वो चुप नहीं बैठेगी। लालू यादव के नेतृत्व वाली पार्टी आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि नेपाल में मधेशियों को समान नागरिकता मिले इसके लिए वे नेपाल के सीमावर्ती जिलों में जाकर जनसमर्थन जुटाएंगे। उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की विदेश नीति नेपाल के मामले में पूरी तरह विफल रही है।
रघुवंश प्रसाद सिंह ने नेपाल की सीमाओं से जुड़े सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे इस मसले पर प्रधानमंत्री से बात करें। आरजेडी उपाध्यक्ष ने कहा कि नेपाल में नया संविधान लागू किया गया है और वहां के मधेशियों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार हो रहा है। संविधान में उन्हें समान नागरिकता का अधिकार नहीं दिया गया है।
रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि नेपाल से भारत का रिश्ता और मधुर हो इस दिशा में वे पहल करेंगे। नेपाल के साथ भारत का बेटी-रोटी का संबंध है। करीब बीस लाख बेटे-बेटियों की शादियां नेपाल में हैं। नेपाल के करीब 60 लाख लोग भारत में रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल का दक्षिणी इलाका जिसे नेपाल की तराई अथवा मधेश कहते हैं और उत्तरी क्षेत्र को पहाड़ी इलाका है। भारत की सीमा और समतल इलाके तराई या मध्य में नेपाल के लगभग 22 जिले और 51 प्रतिशत आबादी है। वहीं पहाड़ी इलाके में 49 प्रतिशत आबादी है। लेकिन पहाड़ी इलाके में 100 संसदीय क्षेत्र और मधेश में 65 क्षेत्र बनाए गए हैं। मधेश में बसे लोगों को समान अधिकार न देकर नेपाल के संविधान में द्वितीय दर्जा का नागरिक बनाकर रखा गया है।

Was this article helpful?

Yes
No
Thanks! Your feedback helps us improve onlinesiraha.com

प्रतिकृया दिनुहोस्