आज से सड़क से संसद तक गूंजेगी मधेसी हक के लिए आवाज
Advertisment


 पटना। नेपाल में पिछले तीन माह से भी अधिक समय से जारी मधेसी आंदोलन के कारण लोग बेचैन हैं। भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इसका व्यापक असर है। आंदोलन के संदर्भ में अब सड़क से लेकर भारतीय संसद तक आवाज गूंजेगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद सिंह आज से भारत-नेपाल मैत्री यात्रा की शुरुआत सीतामढ़ी से करेंगे। सांसद अजय निषाद और अनिल साहनी संसद में आवाज उठाएंगे।
गौरतलब है कि संविधान में संशोधन के विरुद्ध नेपाल में मधेसियों की नाकेबंदी जारी है। इस दौरान एक सौ से ज्यादा लोग मारे गए हैं। दर्जनों लोग जख्मी हो चुके हैं। नेपाल में त्राहिमाम की स्थिति है।
जरूरी सामान, दवा व पेट्रो पदार्थों की किल्लत से लोग परेशान हैं। रोटी-बेटी के संबंध के कारण नेपाल के हालात से भारत के सीमावर्ती इलाके काफी प्रभावित हैं। बकौल रघुवंश, दोनों देशों में आई खटास से जनता परेशान है।
समस्या के समाधान के लिए मैत्री यात्रा बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तरांचल, पश्चिम बंगाल के सीमवर्ती क्षेत्र से गुजरेगी। बुद्धिजीवियों, मीडियाकर्मियों, राजनीतिक व समाजिक कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद होगा। इसके जरिए भारत और नेपाल सरकार से शांति बहाली तथा नेपाली संविधान में संशोधन कर मधेसी समाज को अधिकार देने की रघुवंश मांग करेंगे।
मीडिया फॉर बार्डर हार्मोनी के संरक्षक अजय निषाद ने कहा कि जनहित मेंं मधेसी आंदोलन का अंत होना चाहिए। वे विदेश मंत्री और प्रधानमंत्री से उचित पहल का आग्रह करेंगे। अनिल साहनी ने कहा कि भारत-नेपाल में रोटी बेटी का संबंध है। नाकेबंदी से संकट खड़ा हो गया है।
भारत पर भरोसा, मोदी से मध्यस्थता का आग्रह
मधेसी आंदोलन के संयोजक व नेपाल पूर्व उप प्रधानमंत्री उपेंद्र यादव और समाजवादी लोकतांत्रिक मधेस मोर्चा के पर्सा जिला संयोजक प्रदीप यादव, सांसद लालबाबू गद्दी ने कहा कि भारत पर पूरा भरोसा है।
आग्रह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अविलंब मध्यस्थता करें। नेपाल के प्रधानमंत्री हमें हक दें। नेताओं ने चेतावनी भी दी कि संविधान में जब तक संशोधन नहीं होगा, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
नेपाल में चीन घुस रहा है, पर मोदी टूर पर हैं : लालू
राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे की आलोचना करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पड़ोसी देश नेपाल से हमारा रिश्ता खराब हो गया है।
लालू ने सोमवार को ट्वीट करके कहा है कि नेपाल से हमारा सदियों पुराना और रोटी-बेटी का संबंध रहा है, लेकिन अब चीन वहां घुसपैठ कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ महीने पहले पूरे तामझाम के साथ नेपाल की यात्रा की थी, लेकिन अब रिश्ता बिगाड़ लिया है।
चीन वहां घुसपैठ कर रहा है और मोदी विदेश के दौरे पर हैं। नेपाल के बहाने लालू ने चिंता भी जताई है कि अब दूसरे देशों के साथ भारत के संबंधों का क्या होगा?    source-जागरण

Was this article helpful?

Yes
No
Thanks! Your feedback helps us improve onlinesiraha.com

प्रतिकृया दिनुहोस्