नेपाल दौरे के लिए आज रवाना होंगे नीतीश, कांग्रेस अधिवेशन में लेंगे हिस्सा
Advertisment


लंबे इंतजार के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नेपाल की यात्रा पर जाने वाले हैं। मंगलवार की शाम चार बजकर 50 मिनट पर वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उसके बाद अगली सुबह यानी दो मार्च को 11 बजे दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू के लिए रवाना हो जाएंगे। नीतीश काठमांडू में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने उनकी नेपाल यात्रा की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार काठमांडू में आयोजित नेपाली कांग्रेस के अधिवेशन में भाग लेंगे। वह नेपाल प्रवास के दौरान वहां की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी और प्रधानमंत्री खडका प्रसाद शर्मा ओली से भी मिलेंगे।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सालों से नेपाल की यात्रा पर जाने के इच्छुक रहे हैं। पिछले साल अप्रैल में नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भी वह जनकपुर और काठमांडू की यात्रा पर जाना चाहते थे लेकिन विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा के प्रस्ताव को हरी झण्डी नहीं दी थी लेकिन अब प्रस्ताव को ग्रीन सिग्नल मिल गया है। मुख्यमंत्री के रुप में ये उनकी पहली नेपाल यात्रा होगी।
गौरतलब है कि बिहार और नेपाल के बीच प्रगाढ़ सामाजिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक रिश्ता है। नेपाल की लंबी सीमा बिहार से जुड़ी हैं। नेपाल की नदियों में आयी उफान से बिहार में तबाही मचती रही है। बिहार की बाढ़ की समस्या का समाधान नेपाल से साझा परियोजना बनाकर ही संभव है।

Was this article helpful?

Yes
No
Thanks! Your feedback helps us improve onlinesiraha.com

प्रतिकृया दिनुहोस्